
जबलपुर। बल्देवबाग चौक के पास शनिवार को उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया जब भारतीय जनता युवा मोर्चा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का समूह आमने सामने टकरा गया। इस दौरान दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई भी हुई। सियासी माहौल बिगड़ने की खबर सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और तत्काल बैरिकेडिंग कर स्थिति पर नियंत्रण पाने का प्रयास पुलिस द्वारा किया गया लेकिन आक्रोशित भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ा और कांग्रेस कार्यालय की ओर जाकर घेराव प्रदर्शन किया। इस मौके पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा जहां एक ओर राहुल गांधी मुर्दाबाद -मुर्दाबाद के नारे लगाए गए तो वहीं दूसरी ओर युवा कांग्रेस व कांग्रेसियों द्वारा वोट चोर मोदी वोट चोर मोदी के नारे लगाए गए।
जानकारी के अनुसार दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा अर्धनग्र होकर किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं के द्वारा बल्देवबाग में उग्र प्रदर्शन किया गया। जिसका जवाब देने कांग्रेस व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की भीड़ भी मौके पर जमा हुई। आलम ये रहा कि पुलिस बल दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं को लाठी के सहारे घंटों संभाले रहा।
अर्धनग्र होकर प्रदर्शन करना काफी निंदनीय: रौनक अग्रवाल
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री रौनक अग्रवाल ने प्रदर्शन के दौरान बताया कि दिल्ली के अंदर चल रहे एआई सम्मिट के अंदर घुसकर युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर जो प्रदर्शन किया है वो काफी निंदनीय है क्योंकि इस आयायेजन में 40 देशों का प्रतिनिधि मंडल मौजूद था। इसी कारण शनिवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यालय का घेराव करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। और राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस मौके पर रौनक ने ये भी कहा कि देश में 50 सालों से राज करने के बाद भी कांग्रेस अभी तक जबलपुर में ये तय न हीं कर पाई है कि उसका कार्यालय कहां स्थित है, से काफी चिंतनीय है।
गुंडागर्दी नहीं होगी बर्दाश्त: नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने नवभारत को बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं का हौंसला इतना बुलंद हो गया है कि शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में हमला किया और कांग्रेसियों को बलपूर्वक दबाने का प्रयास पुलिस बल के सामने किया। उधर प्रदेश सरकार जनता पर लगातार कुठाराघात कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। कांग्रेसियों द्वारा ये गुंडागर्दी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने ये भी कहा कि कांग्रेस जब जब जनहित और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाती है तो उसे दबाने के लिए इस तरह की कार्रवाई, प्रदर्शन किया जाता रहा है।
