इजरायल पर फिलिस्तीनी बच्चों को निशाना बनाने का आरोप, संयुक्त राष्ट्र आयोग ने कहा, नरसंहार जारी

जिनेवा, 23 जून (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र के एक स्वतंत्र जांच आयोग ने कहा है कि इजरायल गाजा पट्टी और पश्चिमी तट में फिलिस्तीनी बच्चों को निशाना बनाकर नरसंहार, मानवता के खिलाफ अपराध और युद्ध अपराध करना जारी रखे हुए है।

कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों, पूर्वी यरुशलम और इजरायल पर संयुक्त राष्ट्र के स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया कि इजरायली अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने फिलिस्तीनी बच्चों को जानबूझकर निशाना बनाया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आयोग ने पिछले वर्ष निष्कर्ष निकाला था कि गाजा में फिलिस्तीनियों के खिलाफ नरसंहार किया गया। आयोग के अनुसार इजरायली सैन्य अभियानों का व्यापक और व्यवस्थित स्वरूप अब भी जारी है, जिससे फिलिस्तीनी बच्चों में अभूतपूर्व स्तर पर मौत, चोट और मानसिक आघात के मामले सामने आये हैं।

आयोग ने कहा कि बच्चों को जानबूझकर निशाना बनाना उन प्रमुख तत्वों में शामिल है, जो गाजा में फिलिस्तीनी समुदाय को पूर्ण या आंशिक रूप से नष्ट करने की मंशा को दर्शाते हैं।

आयोग के अध्यक्ष श्रीनिवासन मुरलीधर ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्य दर्शाते हैं कि इजरायली सुरक्षा बलों द्वारा फिलिस्तीनी बच्चों को जानबूझकर निशाना बनाया गया और उनकी हत्या की गयी।

 

Next Post

दोहरे शतक और सर्वाधिक छक्कों के रिकॉर्ड वाले रोहित शर्मा को मिला पद्मश्री, जानें 19 वाला कनेक्शन

Wed Jun 24 , 2026
‘हिटमैन’ रोहित शर्मा को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के ठीक 19 साल बाद उनको यह पुरस्कार मिला है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को मंगलवार को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें […]

You May Like