‘हिटमैन’ रोहित शर्मा को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के ठीक 19 साल बाद उनको यह पुरस्कार मिला है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को मंगलवार को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें देश का चौथा सबसे बड़ा सिविलियन अवॉर्ड दिया। रोहित शर्मा को पिछले 2 दशक में भारतीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार शाम को राष्ट्रपति भवन में रोहित शर्मा को सम्मानित किया। इसके अलावा पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण और भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पुनिया को पद्मश्री से सम्मानित किया।
दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार
रोहित शर्मा आधुनिक क्रिकेट में दुनिया के बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। तीनों फॉर्मेट में रोहित ने अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी में करिश्माई प्रदर्शन किया है। मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में अपने करियर का आगाज करने वाले रोहित ने 2013 से बतौर सलामी बल्लेबाज खेलना शुरू किया था और पिछले एक दशक में महानतम ओपनर के रूप में खुद को स्थापित किया है।
19 साल वाला संयोग
रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ वनडे से किया था। अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के ठीक 19 साल बाद उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। रोहित ने 19 सितंबर 2007 को टी20 और नवंबर 2013 में टेस्ट में डेब्यू किया था।
रोहित शर्मा का करियर रहा शानदार
टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा ने अपने करियर में अब तक 67 टेस्ट, 285 वनडे और 159 टी20 खेले हैं। टेस्ट में 12 शतक की मदद से 4,301 रन, वनडे में 33 शतक और 62 अर्धशतक की मदद से 11,720 रन और टी20 में 5 शतक और 32 अर्धशतक की मदद से 4,231 रन उनके नाम दर्ज हैं।
अनोखे रिकॉर्ड हैं दर्ज
रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरा शतक का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 3 दोहरा शतक लगाया। उनका यह रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम सर्वाधिक छक्के (653) का रिकॉर्ड है। छक्के लगाने की असाधारण क्षमता की वजह से उन्हें ‘हिटमैन’ भी कहा जाता है। वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर (264) का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम है।
दूसरे सबसे सफल कप्तान
रोहित शर्मा, पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बाद भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने एशिया कप, टी20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता है। रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम वनडे ने विश्व कप 2023 का फाइनल भी खेली थी।
