जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत गौर बाईपास पर आज गौर नदी ब्रिज पर ड्यूटी कर रहे एक सुरक्षा गार्ड को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झंडू कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत सुपरवाइजर प्रदीप सिंह तोमर 32 वर्ष, निवासी ग्राम कडर, जिला मुरैना ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बीएस 4 कंपनी का सुरक्षा गार्ड राहुल काछी (25) निवासी कछोवा, जिला दमोह का बरेला बाईपास ब्रिज पर गौर नदी के पास ड्यूटी पर तैनात था।
आज ड्यूटी के दौरान ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी दी जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। गौर बाईपास और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके।
