
भोपाल। पमरे भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने शनिवार को बीना-गुना-रुठियाई रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संरक्षा मानकों, ट्रैक की स्थिति, परिचालन व्यवस्था और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया.
निरीक्षण में ट्रैक की समरूपता, सिग्नलिंग, समपार फाटक, जल निकासी और कटाव रोधी कार्यों का अवलोकन किया गया.उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
अशोकनगर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना अंतर्गत पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए डीआरएम ने भवन, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज का निरीक्षण किया.
गुना स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन यार्ड, पैनल रूम, सिग्नलिंग, साफ-सफाई, प्रतीक्षालय और जनसुविधाओं का मूल्यांकन किया. क्रू लॉबी व रनिंग रूम का निरीक्षण कर लोको पायलट और गार्ड्स की सुविधाओं की भी जांच की.
रुठियाई स्टेशन पर उन्होंने प्रस्तावित कार्यों का अवलोकन कर शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस रेलखंड की महत्ता को देखते हुए संरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता पर पूरे हों.
निरीक्षण में अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय, वरिष्ठ मंडल अभियंता ऋतुराज शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
