शिवपुरी में किसानों ने घेरी कलेक्ट्रेट, खाद, ई-टोकन और राजस्व समस्याओं के निराकरण की मांग

शिवपुरी। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में आज बुधवार को जिले भर के किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। खाद वितरण, ई-टोकन व्यवस्था, फार्मर आईडी और राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।

किसानों ने बताया कि ई-टोकन सर्वर की धीमी गति के कारण उन्हें खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद प्राप्त करने में भारी परेशानी हो रही है। कई सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है, वहीं नगद खाद वितरण केंद्र भी बंद पड़े हैं। किसानों ने सभी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और बंद केंद्रों को तत्काल शुरू करने की मांग की।भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़ ने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों के फार्मर आईडी के प्रकरण लंबित हैं। इससे उन्हें ई-टोकन बुकिंग और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने पटवारियों को गांव-गांव जाकर फार्मर आईडी बनाने और ई-टोकन बुकिंग कराने के निर्देश देने की मांग की।

किसानों ने नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नाम सुधार जैसे राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने की भी मांग ज्ञापन में की। यह भी कहा गया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले कुछ किसानों का भुगतान उनके खातों में न पहुंचकर अन्य खातों में स्थानांतरित हो गया है। इसके सत्यापन कर तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की गई।बैराड़ तहसील के ग्राम खटका-आबादपुर में वर्ष 2002 में हरिजन और आदिवासी परिवारों को दिए गए पट्टों का लाभ दिलाने की मांग की गई। किसानों ने लंबित सीमांकन प्रकरणों का निराकरण करने और अवैध कब्जे हटाकर पात्र परिवारों को उनका अधिकार दिलाने पर भी जोर दिया। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Next Post

चाकू से गोदकर दिनदहाड़े युवक की हत्या

Wed Jun 10 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर के बंसीपुरा चौराहे पर चाकू से गोदकर एक युवक की हत्या कर दी गई। यह मुरार थाना अंतर्गत हाथी खाना चौराहे की घटना है। 21 वर्षीय मोनू राजे की चाकू से गोदकर तीन से चार युवक ने हत्या कर दी। युवक की मां भी घायल हुई है। मां […]

You May Like