देवसर : देवसर बाजार में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और सड़क हादसों को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। बीते दिनों सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद तहसील प्रशासन हरकत में आ गया है। तहसीलदार ने पूरी टीम के साथ बाजार का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को अंतिम चेतावनी दी है।
प्रशासन का कहना है कि देवसर बाजार में सड़क किनारे सब्जी विक्रेताओं और ठेला व्यापारियों द्वारा अतिक्रमण कर दुकाने लगाई जा रही हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है।
इसके कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। हालिया हादसे में एक युवक की जान जाने के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। तहसीलदार ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद व्यापारियों को अल्टीमेटम दिया गया था, ताकि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें, लेकिन तय समय सीमा बीतने के बावजूद कई व्यापारियों ने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। इसी के चलते आज प्रशासन ने अंतिम चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि वे जनहित को समझते हुए सहयोग करें, ताकि भविष्य में सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह कानून के तहत होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में देवसर बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
