
इंदौर। शुक्रवार 5 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। शहर काजी मोहम्मद इशरत अली ने बताया कि सुबह 9 बजे जूना रिसाला गली नंबर 1 पर कुरानखानी होगी, गरीबों को जरूरत का सामान बांटा जाएगा और लंगर तकसीम किया जाएगा। कई संस्थाएं जरूरतमंदों को सामग्री, मिठाइयां और हलवा वितरित करेंगी। वहीं कुछ संस्थाएं गरीब लड़कियों का निशुल्क विवाह कराकर गृहस्थी का सामान भी प्रदान करेंगी।
मस्जिद सिद्दिक-ए-अकबर कमेटी के हाजी गुलाम नबी शेख ने बताया कि तीसरे सामूहिक विवाह समारोह में 26 जोड़ों का निकाह धार रोड स्थित मन्नत गार्डन में होगा। दावते इस्लामी की ओर से कड़वघाट बड़ी मस्जिद में भी निकाह कार्यक्रम रहेगा।
सोमवार सुबह 6:30 बजे अंजुमन इस्लाम मुस्लिमीन के तत्वावधान में जामा मस्जिद से मिलादुन्नबी का जुलूस निकलेगा जो बजरिया होते हुए बड़वाली चौकी पहुंचेगा। चंदन नगर, आजाद नगर और रानीपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी जुलूस निकाले जाएंगे। शहर काजी ने नौजवानों से अपील की कि वे डीजे और शोर-शराबे से परहेज़ करते हुए जुलूस में पैगाम-ए-मोहम्मदी को प्रचारित करें।
