दोराहा. भोपाल ब्यावरा हाईवे पर दोराहा जोड़ स्थित निर्माणाधीन पुल की सर्विस रोड पर खड़े एक ई-रिक्शा को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक घायल हो गया. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला, लेकिन लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. बीती शाम करीब 7.30 बजे दोराहा जोड़ के पास सर्विस रोड पर ई-रिक्शा खड़ा था. तभी भोपाल की ओर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराया. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा किया और सोनकच्छ टोल नाके के पास पकड़ लिया. सूचना मिलने पर दोराहा पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने पीडि़त चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
