
छिंदवाड़ा. रिहायशी क्षेत्र में स्थित मकान में विस्फोटक सामाग्री रखने के मामले में पुलिस ने गुबालबरा क्षेत्र में कार्रवाई कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया साथ ही उसके पास से 206 डायनामाइट जब्त किया है. कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि बीते दिवस पुलिस को सूचना मिली थी कि गुलाबरा निवासी जाहिद पिता मोहम्मद खान 50 वर्ष के घर में विस्फोटक सामाग्री रखी हुई है. उक्त मामले की सूचना के बाद पुलिस की टीम ने जाहिद खान के घर पर छापामार कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जाहिद खान के घर से 204 छोटे और 2 बड़े डायनामाइट बरामद किए. वहीं पुलिस ने जाहिद खान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने जाहिद से पूछताछ की तो आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कुंए में ब्लास्टिंग करने का काम करता है. उसके पास बकायदा ब्लास्टिंग का कार्य करने का लायसेंस भी है. उसने एक स्थान पर ब्लास्टिंग का काम लिया था जिसके चलते उसे डायनामाइट लगाया था. लेकिन ब्लास्टिंग करने की अनुमति नही मिलने के कारण वह ब्लास्टिंग का कार्य नही कर पाया और फिर उसने विस्फोटक सामाग्री अपने घर पर ला कर रख लिया था. श्री धुर्वे ने बताया कि शासन द्वार नियमो और शर्तो के आधार पर ब्लास्टिंग का कार्य करने के लिए लायसेंस दिया जाता है. नियमों के तहत विस्फोटक सामाग्री रिहायशी क्षेत्र में नही रखा जा सकता. नियमों का उलंघन करने पर जाहिद खान के खिलाफ पुलिस ने धारा 288 बीएनएस, 3/5 आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्फोटक सामाग्री जब्त किया है.
