यरूशलम, 24 अप्रैल (वार्ता) इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि हिज्बुल्ला के लड़ाके एंबुलेंस का उपयोग सैन्य उद्देश्यों के लिए कर रहे हैं।
वीडियो में एंबुलेंस के भीतर मोर्टार गोले और अन्य विस्फोटक सामग्री सहित अन्य हथियार दिखाये गये हैं। सेना के अनुसार इन एंबुलेंस पर रिसाला स्काउट एसोसिएशन का चिह्न भी देखा गया, जिसे हिजबुल्लाह से जुड़े अमल आंदोलन से संबद्ध बताया गया है।
इजरायली सेना ने आरोप लगाया कि हिज्बुल्ला “व्यवस्थित तरीके से ” चिकित्सा सुविधाओं और उपकरणों का उपयोग आतंकवादी गतिविधियों को छिपाने के लिए कर रहा है। सेना के अनुसार, इन वाहनों और चिकित्सा दलों का इस्तेमाल हथियारों और लड़ाकों के परिवहन के लिए आवरण के रूप में किया जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत चिकित्सा सेवाओं को प्राप्त विशेष सुरक्षा का उल्लंघन होता है।
सेना ने बताया कि हालिया मुठभेड़ के दौरान गोलानी ब्रिगेड के जवानों ने एक ऐसी एंबुलेंस बरामद की, जिसमें विस्फोटक उपकरण, मोर्टार गोले, कारतूस और ग्रेनेड पाए गए।
एक अन्य वीडियो में कथित तौर पर ऐसे लड़ाके दिखाई देते हैं, जो हमले के बाद छिपते हैं और बाद में एंबुलेंस के माध्यम से वहां से निकाले जाते हैं।
इजराइली सेना का कहना है कि नागरिकों को पहले से चेतावनी दिए जाने के कारण हिजबुल्लाह के लिए आम लोगों के बीच घुलना-मिलना कठिन हो गया है, इसलिए वह अब एंबुलेंस के जरिए अपने लड़ाकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की रणनीति अपना रहा है।
