श्रीगंगानगर, (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में उजागर हुए हजारों करोड़ रुपए के फर्जी ट्रेडिंग से जुड़े साइबर ठगी के बड़े मामले में पुलिस ने सोमवार को अदालत के आदेश पर श्रीगंगानगर और जयपुर में आरोपियों द्वारा ठगी की राशि से खरीदी गई करोड़ों रुपए की संपत्तियों को कुर्क कर लिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सोमवार को बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनके विदेश में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस दलों ने श्रीगंगानगर और जयपुर में स्थित संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई पूरी की।
श्री दुहन ने बताया कि श्रीगंगानगर में चक 7-ई छोटी की मानवी कॉलोनी में भूखंड संख्या सात और आठ को कुर्क किया गया। वहीं, जयपुर में अजमेर रोड पर ओमेक्स सिटी में 253 वर्ग मीटर की संपत्ति और अजमेर रोड पर अपोलो गृह निर्माण सहकारी समिति के गिरधारीपुरा में स्थित जगदंबा कॉलोनी में 138.88 वर्ग मीटर में निर्मित भवन को भी कुर्क कर लिया गया।
डॉ. दुहन ने बताया कि ये संपत्तियां मुख्य आरोपी अजय कुमार आर्य, करमजीतसिंह और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा ठगी से कमाई गई राशि से खरीदी गई थीं। फरार आरोपी अजय आर्य और करमजीतसिंह द्वारा ऑनलाइन फर्जी ट्रेडिंग और साइबर अपराधों के जरिए अवैध रूप से अर्जित धन से इन संपत्तियों का अधिग्रहण किया गया था।
