
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में लगातार हो रही मादक पदार्थों, विशेषकर एमडी/एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग्स) की बरामदगियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि युवाओं को निशाना बनाकर संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पाटवारी ने कहा कि 26 फरवरी 2026 को मंदसौर में एक किराए के मकान से एमडी ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त 1,886 किलोग्राम रसायन की बरामदगी अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में केमिकल का मिलना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में सिंथेटिक ड्रग्स का उत्पादन और आपूर्ति तंत्र गहराई तक फैला हुआ है।
उन्होंने इंदौर, भोपाल, उज्जैन-नीमच और ग्वालियर-चंबल अंचल में सामने आए मामलों का उल्लेख करते हुए अंतरराज्यीय कनेक्शन और बड़े पैमाने पर सप्लाई की आशंका जताई। पटवारी ने भाजपा सरकार पर नशे के बढ़ते कारोबार को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया तथा राजनीतिक संरक्षण का भी दावा किया।
उन्होंने पूरे मामले की समयबद्ध उच्चस्तरीय जांच, मुख्य सरगनाओं की तत्काल गिरफ्तारी, प्रदेश स्तर पर विशेष एंटी-सिंथेटिक ड्रग्स टास्क फोर्स के गठन और स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता व पुनर्वास अभियान चलाने की मांग की।
