मोही घाटी में बढ़ती दुर्घटनाओ को रोकने प्रशासन ने बनाई योजना,सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

पांढुरना, कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा एवं यातायात समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पहली बार बीडीए को भी शामिल किया गया। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने भोपाल-नागपुर मार्ग स्थित मोही घाट में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा दुर्घटनाओं की संख्या की पिछले वर्षों से तुलना करते हुए कारणों का विश्लेषण करने के निर्देश दिए।

पांच वर्षों में हुई सात दुर्घटना 

बैठक में बताया गया कि मोही घाट क्षेत्र में वर्ष 2024 में 6, वर्ष 2025 में 5 तथा वर्ष 2026 में अब तक 7 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। कलेक्टर ने दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मोही घाट के सुधार के लिए बीडीए ने प्रस्तुत किया प्रस्ताव 

बैठक में बीडीए द्वारा मोही घाट के सुधार एवं दुर्घटना रोकथाम के लिए तैयार किए गए प्रस्ताव का प्रजेंटेशन दिया गया। इसमें एक्विजिशन एवं डायवर्सन संबंधी कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बीडीए द्वारा मोही घाट के प्रस्तावित कार्य को लगभग डेढ़ वर्ष की अवधि में पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।

लगाए जाएंगे सूचना फलक 

कलेक्टर ने स्थायी समाधान के साथ ही तत्काल प्रभाव से दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्र से लगभग 100 मीटर पहले स्पष्ट एवं बड़े साइन बोर्ड लगाने को कहा। बोर्ड पर लाल पट्टी के साथ स्पष्ट चेतावनी अंकित कर वाहन चालकों को आगे दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने, गति कम रखने तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए सतर्क किया जाएगा।

साउंड सिस्टम से वाहन चालकों को किया जाएगा सतर्क 

कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र से खम्बारा टोल नाके तक साउंड सिस्टम लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को लगातार सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए सतर्क किया जा सके। खम्बारा टोल नाके पर भी साउंड सिस्टम के माध्यम से वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्र की जानकारी देने, गति कम करने एवं सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए जागरूक करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र से संबंधित चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

मोही घाट पर बस रोकने वाले चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई 

बैठक में मोही घाट जैसे दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सड़क पर बस रोककर सवारी बैठाने वाले बस चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने ऐसे बस चालकों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 283 के तहत कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार वाहन जब्त करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क पर बसों को अनावश्यक रूप से रोककर यातायात में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनोकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

डैनी वायट-हॉज, स्नेह राणा और ग्रेस हैरिस को रिलीज किया गया

Mon Sep 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की पांचों टीमों ने अपने रिटेन और रिलीज़ किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। इन लिस्ट को फाइनल करने की आधिकारिक समय-सीमा सोमवार को खत्म हो गई। इस महीने की शुरुआत में, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने […]

You May Like