सेमरिया के मेडिकल स्टोर में पड़ा छापा, दुकान सील

सीधी। जिले के सेमरिया बाजार में शनिवार शाम संयुक्त टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान दुकान से अमानक और एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलीं। साथ ही अवैध रूप से मरीजों का इलाज किए जाने का मामला भी सामने आया। टीम ने तत्काल प्रभाव से मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। यह कार्रवाई सेमरिया बाजार स्थित श्रीराम मेडिकल स्टोर पर की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और संदिग्ध दवाएं बरामद कीं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मेडिकल स्टोर में एक व्यक्ति झोलाछाप डॉक्टर के तौर पर मरीजों का इलाज कर रहा था और उन्हें दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन भी दे रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। बीएमओ डॉ. शिवेंद्र पटेल ने बताया कि विभाग को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध दवा बिक्री और बिना अनुमति के उपचार की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने यह छापामार कार्रवाई की। जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने श्रीराम मेडिकल स्टोर को तत्काल सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई दवाओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही, मेडिकल स्टोर संचालक और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक टीम के बाजार पहुंचते ही सेमरिया में अफरा-तफरी मच गई। कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। वहीं, श्रीराम मेडिकल स्टोर का संचालक कार्रवाई की भनक लगते ही दुकान छोड़कर फरार हो गया।

Next Post

24 घंटे के भीतर पति पत्नी दोनों ने लगा ली फांसी, दंपति की मौत से गांव में मातम

Sat Jun 6 , 2026
सिंगरौली। सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कूदवार चौकी के ग्राम बेलवानी ग्राम पंचायत नया टोला में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी दोनों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, जिससे पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। प्राप्त […]

You May Like