24 घंटे के भीतर पति पत्नी दोनों ने लगा ली फांसी, दंपति की मौत से गांव में मातम

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कूदवार चौकी के ग्राम बेलवानी ग्राम पंचायत नया टोला में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी दोनों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, जिससे पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बेलवानी निवासी राजेश रावत (25 वर्ष), पिता गोपाल रावत ने शनिवार दोपहर करीब 1 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को राजेश रावत की पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी की मौत के सदमे के बीच शनिवार को पति द्वारा भी आत्मघाती कदम उठाए जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही कूदवार चौकी एवं जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। गांव के लोगों के अनुसार दंपति की लगातार दो दिनों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Next Post

जल निगम की लापरवाही: बीना के धनोरा में पाइपलाइन बिछाकर छोड़ी खुली सड़कें, ग्रामीण परेशान

Sat Jun 6 , 2026
बीना। मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित द्वारा जगह-जगह स्वच्छ जल आम जनता को मिले इसको लेकर पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है किंतु जिस तरह से कार्य चल रहा है उससे आम व्यक्ति काफी परेशान होता हुआ नजर आ रहा है जगह-जगह नालियां सी खोद कर उन्हें भरने का कार्य […]

You May Like