इंदौर: मानपुर थाना क्षेत्र के जानापाव कुटी ब्रिज पर एक अज्ञात ट्रक चालक की लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन गई. घटना सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है. एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेज गति से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मुकेश के ट्रैक्टर को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मुकेश सड़क पर गिर पड़ा. हादसे में मुकेश को सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं.
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को मानपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण उसे एमवायएच, इंदौर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में धारा 281 और 125(a) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात ट्रक चालक की तलाश जारी है. पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपी वाहन का पता लगाया जा सके.
