सतना: हत्या के आरोपी को महाराष्ट्र के सांगली से पकडक़र ला रही यूपी एसटीएफ की टीम मैहर जिले में गच्चा खा गई. ढाबे में भोजन के दौरान आरोपी चकमा देकर भाग निकला. लिहाजाा आरोपी को पकडऩे के लिए मैहर पुलिस और एसटीएफ ने मैनहंट लॉन्च कर दिया.प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पेशल टास्क फोर्स उप्र की टीम हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए महाराष्ट्र के सांगली जिले में गई हुई थी.
जहां पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से एसटीएफ की टीम ने आरोपी को दबोच लिया और पेशी कराने के लिए उसे लेकर वापस प्रयागराज की ओर चल पड़ी. मंगलवार की दोपहर लगभग 2 बजे जब एसटीएफ की टीम मैहर जिले के घुनवारा क्षेत्र से होकर गुजरी तो वहां पर हाइवे किनारे स्थित आदित्य न्यू ढाबे में भोजन करने के लिए रुक गई.एसटीएफ की टीम आरोपी को भी हथकड़ी लगाकर अपने साथ ढाबे में ले गई.
लेकिन इसी दौरान बातों में उलझाकर चकमा देते हुए आरोपी हथकड़ी के साथ कब भाग निकला टीम को पता ही नहीं चल पाया. कुछ देर बाद जब आरोपी नजर नहीं आया तो एसटीएफ टीम के कान खड़े हुए. आनन-फानन में ढाबे सहित आस पास के क्षेत्र में तलाश करने के बावजूद भी जब आरोपी कहीं नजर नहीं आया तो टीम के पैरों तले जमीन खिसक गई. फौरन ही घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही एसटीएफ की टीम ने निकट स्थित अमदरा थाने में संपर्क किया.
