सिंगरौली :चौकी सासन थाना बैढ़न पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे छ: आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।मामला 26 जून का है। ग्राम पिपरा निवासी जगदीश प्रसाद बैस पिता रामदीन बैस ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परिवार का भगवान दास बैस के परिवार से पुराना जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते भगवान दास बैस, विजय बैस, प्रभाव सिंह बैस, छोटेलाल बैस, रामनारायण बैस, प्रीतम बैस, राधा कृष्ण बैस और राय सिंह ने लाठी-डंडों से उसके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की।
शिकायत पर थाना बैढ़न में बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2) 351(3)और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में घायल की गंभीर स्थिति सामने आने पर विवेचना के दौरान धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने 6 अगस्त को भगवान दास बैस, विजय बैस, प्रीतम सिंह बैस, छोटेलाल बैस, रामनारायण बैस और राधा कृष्ण बैस तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए गए। उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी बीएल बंसल, सउनि विजय अग्निहोत्री, लेखचंद्र दोहर, सुरेंद्र पांडेय, प्रआर सुमित रावत, मो. कौसर, बलराज सिंह, हेमराज पटेल, देवेंद्र सिंह, लल्लू सिंह, आर जितेंद्र सिंह, राहुल सिंह, अनिल सिंह और सहजानंद सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
