
सिंगरौली। चितरंगी पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर एक अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम संबंधों के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने मीडिया कर्मियों को अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुये बताया कि 21 जून को ग्राम भर्रा निवासी 38 वर्षीय रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार का शव नेशनल हाईवे-39 के किनारे एक बोल्डर के पीछे संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम एवं जांच के दौरान हत्या की आशंका सामने आने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। आगे बताया कि एसडीओपी राहुल कुमार सैयाम के नेतृत्व में थाना प्रभारी चितरंगी सुदेश तिवारी द्वारा गठित टीम ने मृतक के परिजनों, ग्रामीणों तथा संदिग्धों से पूछतांछ की। जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पत्नी के माड़ा थाना क्षेत्र के मलगा निवासी नीरज कुमार शाह से प्रेम संबंध थे। इस दौरान खुलासा हुआ कि पत्नी अपने पति की शराब की आदत से परेशान थी और प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी और इसी के तहत आरोपियों ने इस सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया। पुलिस के पूछतांछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा अन्य साक्ष्य भी जप्त किए गए हैं। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उनि पवन सिंह, आरके वर्मा, उमेश तिवारी, सतीश दीक्षित, प्रआर संत कुमार, आर मुकेश पांडेय, सुदर्शन चौहान, अमलेश सिंह, प्रशांत केसरी, शुभम पटेल, राजेश मिश्रा, सर्वदानंद सहित साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, पहुंचे जेल
पुलिस जांच में सामने आया कि 19 जून को मृतक शादी में जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान आरोपी नीरज कुमार शाह अपने साथी सूरज सिंह गोंड के साथ उसे शराब पिलाने के बहाने से हाईवे किनारे ले गया। वहां दोनों ने पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को बोल्डर के पीछे फेंककर फरार हो गए। बाद में आरोपी ने मृतक की पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में नीरज कुमार शाह पिता रमाशंकर शाह उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मलगा थाना माड़ा, सूरज सिंह गोंड पिता छत्रपति सिंह गोड़ उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम मलगा थाना माड़ा तथा मृतक रघुनाथ उर्फ सरजू की पत्नी रामकली उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए गए हैं।
