
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत उदय नगर नंबर-2 के सामने पुलिया के पास एक अज्ञात नवजात शिशु का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, व्हीकल फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मियों ने उदय नगर नंबर-2 के पुलिया के पास नवजात के शव को देखा। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना रांझी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव को किसने फेंका, इस बात का पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
