
शाजापुर, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद शाजापुर द्वारा सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के सम्मान एवं सेवा कार्य का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं एवं परामर्शदाताओं तथा नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने वृद्धजनों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किया और उनका सम्मान कर उनके साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया. कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों की आवश्यकताओं एवं भावनाओं को समझना तथा समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना रहा.
इस अवसर पर जिला समन्वयक विष्णु प्रसाद नागर ने कहा कि वृद्धजनों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि हमें यह समझना होगा कि हमारे माता-पिता ने हमें जन्म से लेकर जीवन के हर पड़ाव तक अपना स्नेह, सहयोग और संरक्षण दिया है. ऐसे में जीवन के इस पड़ाव पर हमारा भी दायित्व है कि हम उनके प्रति प्रेम, सम्मान और सेवा का भाव रखें. उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की सेवा और सहयोग करना हमारा कर्तव्य है, लेकिन साथ ही हमें अपनी भारतीय पारिवारिक संस्कृति और संस्कारों को भी मजबूत बनाए रखना होगा, ताकि आने वाली पीढिय़ां माता-पिता और वरिष्ठजनों के सम्मान एवं सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाएं. उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपने परिवारों में सकारात्मक एवं आत्मीय वातावरण का निर्माण करें तथा वरिष्ठजनों को सम्मान और अपनत्व प्रदान करें. कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक बसंत रावत, नवीन वर्मा एवं भूपेंद्र सहगल सहित एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे.
