महावीर जयंती पर भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

जबलपुर। महावीर जयंती के पावन अवसर पर सोमवार सुबह जबलपुर शहर पूरी तरह भक्ति और उल्लास में डूबा नजर आया। हनुमानताल जैन मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा में भगवान महावीर स्वामी रजत रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, डुल-डुल घोड़ी नृत्य और भक्तों की जयकारों के बीच शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। घोड़ा नक्कास, मिलौनीगंज, कमानिया गेट, मालवीय चौक और लार्डगंज सहित कई क्षेत्रों में स्वागत मंच सजाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं के लिए जलेबी, शर्बत, फल और पानी की व्यवस्था की गई।

शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान महावीर के जीवन पर आधारित आकर्षक झांकियां रहीं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। विभिन्न जैन मंदिरों की पालकियां और संतों का सानिध्य इस आयोजन को और दिव्य बना रहा था। जगह-जगह आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की।

पूरे शहर के मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से सजे

दोपहर बाद बड़ा फुहारा क्षेत्र में संगीतमय अभिषेक पूजन का आयोजन हुआ, जबकि रात 9 बजे कमानिया गेट पर सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे शहर के जैन मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे वातावरण और भी आकर्षक बन गया है।

एक जैसे परिधानों के समूहों में शामिल हुई महिलाएं

महिलाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। एक जैसे परिधानों में समूहों में शामिल होकर उन्होंने आयोजन में भाग लिया, जिससे भक्ति के साथ एकता की झलक भी दिखाई दी।

कल रात कमानिया गेट पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के ख्याति प्राप्त कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

लोक निर्माण मंत्री शोभा यात्राओं में हुए सम्मिलित

प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में श्रद्धाभाव के साथ सम्मिलित हुए। गढ़ा बाज़ार में आयोजित मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंत्री श्री सिंह ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान महावीर की भव्य पालकी को कंधा देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात मंत्री श्री सिंह त्रिपुरी चौक पहुँचे, जहाँ उन्होंने भव्य रथ यात्रा में सहभागिता की और भगवान महावीर के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री श्री सिंह करमचंद चौक में आयोजित कार्यक्रम में कलश यात्रा में भी विशेष रूप से शामिल हुए तथा महावीर जयंती के उत्सव में शामिल होकर समस्त नागरिकों को इस महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। आयोजन स्थलों पर जैन समाज और स्थानीय नागरिकों द्वारा मंत्री सिंह एवं पूर्व मंत्री शरद जैन का आत्मीय अभिनंदन किया गया।

Next Post

शराब पार्टी के बाद सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, बीच सड़क आपस में भिड़ीं चार युवतियां

Mon Mar 30 , 2026
भोपाल। एमपी नगर इलाके में सड़क पर रात के समय चार युवतियों का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. संचालित एक क्लब के बाहर युवतियों की आपस में जमकर हाथापाई हुई. इस घटना के कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं. हालांकि इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज […]

You May Like