
देवास। ऑनलाइन बिजनेस में मोटा मुनाफा कमाने और टारगेट पूरा करने का झांसा देकर 9 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और उन्हें आगे बेचने का नेटवर्क सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 3.70 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी शुभम निवासी चापड़ा के साथ ऑनलाइन बिजनेस का लालच देकर टारगेट पूरा करने के नाम पर कुल 9 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कमलापुर में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण में पूर्व में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जनसिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश की। पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि उक्त आरोपी गुजरात में है, जिस पर तत्काल पुलिस टीम को अहमदाबाद, गुजरात रवाना किया गया, जहां गत दिवस बैंक खाताधारक एवं खाते खरीदने वालों सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ठगी की राशि 3 लाख 70 हजार नकद बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा बैंक खाते खुलवाकर महिपालसिंह नामक व्यक्ति को बेचे गए थे। उक्त व्यक्ति द्वारा ट्रेडिंग करने के नाम पर बैंक खाते खरीदे गए थे। इस संबंध में पुलिस द्वारा आगे विवेचना की जा रही है। तीनों आरोपियों को न्यायालय बागली के समक्ष प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रकरण में उनकी भूमिका एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी- अमित यादव उम्र 22 वर्ष, निखिल भदोरिया उम्र 22 वर्ष, निशंकसिंह राठौड़ उम्र 22 वर्ष निवासी कुबेर नगर अहमदाबाद, गुजरात।
