जबलपुर: गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक इंस्टाग्राम पोस्ट के विवाद में दो गुटों के बीच जमकर चाकू चले और सरेराह पिस्टल से फायरिंग कर दी गई। इस हमले में युवक गोली लगने से घायल हो गया है।पुलिस के मुताबिक दमोहनाका निवासी 18 वर्षीय अमन उर्फ अम्बर श्रीवास के दोस्त रितिक ठाकुर का आदि दीक्षित नाम के युवक से पुराना मनमुटाव चल रहा था। 26 मई को आदि दीक्षित का जन्मदिन था। रितिक ने पुरानी रंजिश के चलते अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पुराना वीडियो पोस्ट कर दिया, जिसमें आदि की पिटाई हो रही थी। रितिक ने इस पोस्ट पर हैप्पी बर्थडे छोटे लिखा और अपने दोस्त अमन को मेंशन कर दिया। जब आदि दीक्षित ने यह पोस्ट देखी, तो वह भड़क गया। अगले दिन 27 मई को आदि अपने साथियों के साथ अमन को उसके मोहल्ले में ढूंढने लगा। जब अमन को इसकी जानकारी मिली, तो उसने शाम को आदि को फोन किया। फोन उठाते ही आदि दीक्षित ने गालियां देना और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। उस शाम दोनों के बीच करीब 8 बार फोन पर बात हुई और आदि लगातार धमकियां देता रहा।
डरपोक कह दी चुनौती, समझौते के बहाने बुलाया और किया हमला-
गुरुवार को आदि दीक्षित ने इंस्टाग्राम पर अमन को मैसेज कर कॉल करने को कहा। अमन ने जब कॉल किया, तो आदि ने उसे डरपोक कहते हुए चुनौती दी कि तू डर गया है, तेरे मोहल्ले आया तो तू छुप गया। इसके बाद दोनों पक्षों में रात को समझौता करने के लिए दमोहनाका मिलने की बात तय हुई। रात करीब 10:30 बजे अमन अपने दोस्त रितिक ठाकुर और अंश सिंह ठाकुर के साथ छोटे फुहारा में अतुल मेडिकल के सामने खड़ा था। तभी आदि दीक्षित, पीयूष सोनी, हर्ष कोष्टा और अन्य लड़के मोपेड व स्कूटी से वहां पहुंच गए।
पहले चाकूबाजी, फिर चली गोली
दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि अचानक आदि दीक्षित ने रितिक को थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव के दौरान आरोपी हर्ष कोष्टा ने चाकू निकाल लिया। अमन और रितिक ने मिलकर हर्ष से चाकू छीन लिया। इसी बीच अमन की मां को किसी ने झगड़े की सूचना दे दी, तो वह भी मौके पर पहुंच गईं। मां को देखकर अमन ने चाकू जमीन पर फेंक दिया, जिसे हर्ष ने दोबारा उठा लिया। इसी दौरान आदि दीक्षित ने अपनी स्कूटी की डिग्गी खोली और पिस्टल निकाल ली। उसने पहले हवा में एक हवाई फायर किया। इसके बाद उसने अमन पर निशाना साधकर फायर किया, लेकिन पहली बार में गोली नहीं चली। आदि ने तुरंत दोबारा ट्रिगर दबाया, जिससे निकली गोली अमन के बाएं पैर के टखने के पास जा लगी।
