मप्र कांग्रेस की नई पहल: संगठन की मजबूती के लिए अब हर परिवार से मांगेगी 100 रुपये का सहयोग

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को रवीन्द्र भवन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना और आमजन से सीधे संवाद की रणनीति को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन के बाद वंदे मातरम् के गायन से हुई। इसके पश्चात महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अतिथियों का पारंपरिक सूत की मालाओं से स्वागत किया गया।

सम्मेलन में ब्लॉक स्तर के नेतृत्व की भूमिका, जिम्मेदारियों और संगठनात्मक महत्व पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। डॉ. संजय कामले ने आगामी “जनसंवाद सम्मेलनों” की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र पटवारी ने प्रदेशव्यापी ब्लॉक स्तरीय जनसंपर्क अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले 25 वर्षों से प्रदेश में सत्ता से बाहर है, ऐसे में कार्यकर्ताओं को अधिक मेहनत करनी होगी। उन्होंने बूथ और ब्लॉक स्तर पर कम से कम 30 हजार परिवारों से जुड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

पटवारी ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य व्यक्तिगत पद प्राप्ति नहीं, बल्कि कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश “कर्ज, अपराध और भ्रष्टाचार” जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।

पार्टी ने घोषणा की कि 25 अप्रैल से 25 मई के बीच विधानसभा प्रभारी अपने क्षेत्रों का दौरा कर संगठनात्मक ढांचे का सत्यापन करेंगे, जिसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक परिवार से 100 रुपये सहयोग राशि लेने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपयोग संगठन और प्रशिक्षण गतिविधियों में किया जाएगा। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों को मंडल, गांव और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।

अंत में आभार प्रदर्शन के साथ राष्ट्रगान के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

Next Post

टेस्ट ड्राइव पर निकली कार ट्रेलर से टकराई, दो युवक घायल, एक का हाथ कटा, दूसरे का पैर फ्रैक्चर

Fri Apr 17 , 2026
नीमच। नीमच में महू-नसीराबाद हाईवे पर भाटखेड़ा फंटे के पास शुक्रवार को एक सडक़ हादसा हो गया। सर्विसिंग के बाद टेस्ट ड्राइव पर निकली एक गाड़ी ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में गाड़ी में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, जमुनिया स्थित बोरदिया […]

You May Like