ग्वालियर: बैलगढ़ा पुलिस ने वाहनों की औचक जांच के दौरान एक बोलेरो से लगभग 57 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई जा रही है।यह कार्रवाई एसडीओपी गगन हनवत के मार्गदर्शन में हुई है। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बैलगढ़ा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह प्रजापति के नेतृत्व में थाने के पास चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।जांच के दौरान, पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो वाहन क्रमांक यूपी 84 जेड 6973 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने वाहन में सवार जीतेंद्र रावत (निवासी देवरी) और सोनू सरदार को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे का कुल वजन लगभग 57 किलोग्राम है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
