स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने पर मंथन, केंद्रीय खेल मंत्री से मिले प्रवीण गर्ग

लखनऊ, 18 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के लखनऊ दौरे के दौरान वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश कलारीपयट्टू एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव प्रवीण गर्ग ने उनसे भेंट कर स्वदेशी खेलों के विकास और मान्यता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे तथा उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी उपस्थित रहे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित युवा चिंतन शिविर के दौरान केंद्र सरकार की खेल नीति, खिलाड़ियों के विकास तथा आगामी खेल कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में देश में पारंपरिक और स्वदेशी खेलों को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

प्रवीण गर्ग ने केंद्रीय खेल मंत्री को बताया कि आगामी दिसंबर माह में लखनऊ में कलारीपयट्टू राष्ट्रीय विद्यालयी प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को प्रतियोगिता में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने मेघालय में आयोजित होने वाले आगामी राष्ट्रीय खेलों में कलारीपयट्टू को पुनः पदक (मेडल) स्पर्धा के रूप में शामिल किए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि इससे पहले गोवा में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में कलारीपयट्टू को मेडल इवेंट का दर्जा प्राप्त था तथा खेलो इंडिया यूथ गेम्स में वर्ष 2017 से यह खेल पदक स्पर्धा के रूप में शामिल है।

प्रवीण गर्ग ने उत्तर प्रदेश स्तर पर भी ओलंपिक खेलों के साथ-साथ पारंपरिक भारतीय खेलों को सरकारी मान्यता और प्रोत्साहन दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिल सकें। बैठक के दौरान उन्होंने ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) से मान्यता प्राप्त वोवीनाम मार्शल आर्ट को भारत में शीघ्र मान्यता दिए जाने का भी अनुरोध किया। इस पर उन्हें अवगत कराया गया कि केंद्रीय खेल मंत्रालय द्वारा नए स्पोर्ट्स कोड लागू होने के बाद गठित बोर्ड इस विषय पर शीघ्र निर्णय करेगा। प्रवीण गर्ग ने बैठक के बाद आशा व्यक्त की कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कलारीपयट्टू, वोवीनाम सहित अन्य स्वदेशी एवं पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों को नए अवसर उपलब्ध होंगे और भारतीय खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।

.....

Next Post

छ: माह में फिर तीसरी बार हुई चोरी

Sat Jul 18 , 2026
सीधी। सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम रजडिहा में एक व्यक्ति के घर में छ: माह में तीसरी मर्तबा चोरी की वारदात अज्ञात चोरों द्वारा की गई है। पीडि़त की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने इस बार भी अपराध क्रमांक 0616, दिनांक 17 जुलाई 2026 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना […]

You May Like