सिंध नदी में डूबने से दो दोस्तों की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

शिवपुरी: जिले के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम साखनौर से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। सिंध नदी में नहाने गए दो युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ नदी में नहाने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान नदी के भीतर बने गहरे गड्ढों का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक उसमें समा गए और तेज बहाव व गहराई के कारण बाहर नहीं निकल पाए।

नदी में डूबने वाले मृतकों की पहचान कोलारस निवासी प्रद्युम्न शर्मा (20 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोपाल शर्मा, और सादिक खान (24 वर्ष), पुत्र बाबू खान के रूप में हुई है। इस हादसे ने दोनों परिवारों को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। मृतक प्रद्युम्न के पिता का कुछ महीनों पहले ही देहांत हुआ था, जिससे परिवार पहले ही सदमे में था और अब इकलौते जवान बेटे की मौत से मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, सादिक खान के घर में शादियों की तैयारियां चल रही थीं। ठीक दो महीने बाद सादिक का निकाह होने वाला था, लेकिन सेहरा सजने से पहले ही घर में मातम पसर गया।
घटना के वक्त मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के साथियों ने बताया कि जैसे ही दोनों युवक नदी में डूबे, तुरंत स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया गया था। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी कोई रेस्क्यू या राहत दल मौके पर नहीं पहुंचा।प्रशासन का इंतजार करने के बजाय, स्थानीय ग्रामीणों और नदी किनारे मौजूद अन्य युवकों ने खुद की जान जोखिम में डालकर बचाव अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को नदी के गहरे पानी से बाहर निकाला है।

Next Post

बरुईपुर हिंसा के बाद ममता बनर्जी की सुरक्षा पर सियासत तेज; TMC ने लगाया हाउस अरेस्ट का आरोप, BJP ने बताया ड्रामा

Mon Jul 6 , 2026
कोलकाता, दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर में एक 12 वर्षीय नाबालिग के साथ हुई वीभत्स घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि जब वह पीड़ित परिवार से मिलने के लिए अपने कालीघाट स्थित घर से निकलना चाह रही थीं, तो […]

You May Like