युवक की हत्या कर शव गड्ढे में दफनाया

सीहोर: तीन दिन पहले घर से बाईक में पेट्रोल डलवाने का कहकर निकले युवक की लाश बड़झिरी स्थित एक फार्म हाउस के पीछे गड्ढे में दफन मिली. संभवत: युवक की हत्या कर उसकी लाश को गड्डे में दफना दिया था. इस घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल निर्मित हो गया. रातीबढ़ पुलिस ने जीरो पर कायमी कर डायरी बिलकीसगंज पुलिस को सौंप दी है. जानकारी अनुसार बिलकीसगंज निवासी 30 वर्षीय मो. अफरोज आ. मो. अंसार मछली का कारोबार करता है.

गत 14 सितंबर की रात वह अपने घर से बाइक में पेट्रोल डलवाने का कहकर निकला था, लेकिन जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की. इसके बाद 15 सितंबर को थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. थाना प्रभारी संदीप मीना ने बताया कि अफरोज के परिजन जब उसकी तलाश करने भोपाल जिले के ग्राम बड़झिरी उसकी ससुराल पहुंचे तो वहां उसकी बाइक मिली. ससुराल में उसका दादा ससुर और एक साली ही रहते हैं.

पूछताछ में उन्होंने अफरोज के आने पर अनभिज्ञता जाहिर की. परिजनों द्वारा तलाश करने पर एक फार्महाउस के पिछवाड़े दीवार से लगा एक ताजा गड्ढा नजर आया जिसे मिट्टी से समतल किया गया था. उन्होंने शंका होने पर जब गड्डे के ऊपर की मिट्टी हटाई तो गड्डे में अफरोज की लाश पड़ी थी. इसकी सूचना रातीबढ़ पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजते हुए जीरो पर कायमी कर डायरी बिलकीसगंज पुलिस को दी है. संभावना जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को गड्ढे में दफनाया गया है.

Next Post

चार साल से फरार चोरी का आरोपी गिरफ्तार

Thu Sep 18 , 2025
सीहोर: कोतवाली पुलिस ने कार चोरी की घटना को अंजाम देकर 4 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन विश्वकर्मा, पिता जनक सिंह विश्वकर्मा निवासी सहोदराबाई राय वार्ड खुरई जिला सागर को अपने घर थाना खुरई क्षेत्र से थाना कोतवाली पुलिस […]

You May Like