सिंगरौली: बैढ़न थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बलियरी क्षेत्र से 352 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में 33 वर्षीय आरोपी चंद्रप्रकाश शाह उर्फ राकेश शाह को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 5,500 रुपये बताई गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस पुलिस को सूचना मिली थी कि बलियरी निवासी एक व्यक्ति ने बिक्री के लिए गांजा छिपाकर रखा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चंद्रप्रकाश शाह उर्फ राकेश शाह निवासी वार्ड क्रमांक 39, बलियरी को पकड़ा। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर नीम के पेड़ के पास स्थित बंद बिजली के बॉक्स की तलाशी ली गई। वहां 352 ग्राम गांजा बरामद हुआ, पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी सहित सउनि सजीत सिंह, भगवानदास प्रजापति तथा प्रआर लक्ष्मीकांत मिश्रा और अजीत सिंह परिहार की भूमिका रही।
