सिंगरौली। बैढ़न थाना पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम हिर्रवाह तिराहे के पास बिना नंबर का नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त किया है। ट्रॉली में रेत लोड थी, जबकि पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार गत दिवस सूचना मिली थी कि ग्राम सिंगरौलिया की ओर से अवैध रेत लोड कर ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम गनियारी की ओर ले जाई जा रही है।
इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हिर्रवाह तिराहे के पास कार्रवाई की। वाहन और रेत जप्त कर अज्ञात चालक के विरुद्ध अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 में मामला दर्ज किया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है।
