नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनैतिक संकट के बीच सोमवार को कच्चे तेल के मूल्य में बड़ा उछाल आया और यह साढ़े तीन साल बाद 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस पर 92.69 डॉलर पर बंद होने वाला लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज 99.75 डॉलर प्रति बैरल पर खुला और एक समय 119.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था। खबर लिखे जाते समय यह 12.80 प्रतिशत ऊपर 104.55 डॉलर प्रति बैरल पर था।
अगस्त 2022 के बाद पहली बार कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर निकला है।
अमेरिकी वेस्ट टेक्सस क्रूड भी 119.48 अंक तक पहुंचने के बाद 12.18 प्रतिशत ऊपर 101.97 डॉलर प्रति बैरल पर था। गत 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में ईरान पर किये गये हमले और उसके बाद ईरान की जवाबी प्रतिक्रिया से पश्चिम एशिया में कच्चे तेल का उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला दोनों पर असर पड़ा है। इससे कच्चे तेल में उछाल आया है और इन 10 दिनों में कीमत 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ चुकी है।

