पश्चिम एशिया संकट गहराने से शेयर बाजार धड़ाम, प्रमुख सूचकांक तीन प्रतिशत टूटे

मुंबई, 09 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में जारी संकट और गहरा जाने से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक करीब तीन प्रतिशत लुढ़क गये। ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले दूसरे पश्चिमी एशियाई देशों पर अपने हमले तेज कर दिये हैं। इससे तमाम एशियाई शेयर बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजारों में भी बड़ी गिरावट देखी गयी, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 20 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गयी और डॉलर की तुलना में रुपया 51 पैसे गिर गया। बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,862.15 अंक गिरकर 77,056.75 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 2,241.23 अंक (2.84 प्रतिशत) की गिरावट में 76,677.67 अंक पर था। बीच कारोबार में एक समय यह 2,496 अंक उतर गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 582.40 अंक गिरकर 23,868.05 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 682.65 अंक यानी 2.79 प्रतिशत नीचे 23,767.80 अंक पर था।

कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज ब्रेंट क्रूड की कीमत 20 प्रतिशत से अधिक उछलकर 107 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गयी है। अमेरिकी वेस्ट टेक्सास क्रूड 22 प्रतिशत से ज्यादा महंगा हुआ और 115 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया। रुपया फिलहाल 51 पैसे की गिरावट में 92.33 रुपये प्रति डॉलर पर है। घरेलू शेयर बाजारों में सभी सेक्टर पर भारी दबाव है। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, मीडिया, धातु और रसायन सेक्टरों के सूचकांक चार प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट में हैं। सेंसेक्स की सभी कंपनियां लाल निशान में हैं। सबसे ज्यादा गिरावट वाली 10 कंपनियां क्रमशः इंडिगो, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक रहे।

Next Post

दूसरे दिन राधामणि और साहिल ने भारत के लिए जीत दर्ज की

Mon Mar 9 , 2026
बैंकॉक, 09 मार्च (वार्ता) भारतीय यूथ बॉक्सिंग टीम ने बैंकॉक में वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप 2026 में अपना कैंपेन जारी रखा और कॉम्पिटिशन के दूसरे दिन मिले-जुले नतीजे मिले, जिसमें राधामणि लोंगजाम और साहिल दुहान ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। महिलाओं की 57किग्रा कैटेगरी में, राधामणि लोंगजाम ने […]

You May Like