
धारनाकला। क्षेत्र के वन विकास निगम बेहरई रेंज के जंगल में एक बार फिर बाघ के हमले में आदिवासी युवक की मौत हो गई। ग्राम डोरली निवासी 32 वर्षीय विनोद उईके सुबह अपने परिवार के साथ महुआ चुनने जंगल गया था। घने जंगल में सभी अलग-अलग दिशा में थे, तभी बाघ ने उस पर हमला कर उसे घसीटकर नाले में ले जाकर मार डाला। छोटे भाई ने बाघ को देखा और शोर मचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शासन की ओर से 8 लाख रुपये की सहायता राशि और तत्काल 20 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। बीते दो माह में यह चौथी घटना है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।
