श्रद्धालुओं की कार पुलिया से गिरी, एक की मौत, दो भाई सुरक्षित

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम चलदू में देर रात एक सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मंडफिया (सांवरिया जी) दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवक मामूली रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सीहोर जिले की आष्टा तहसील के ग्राम भंगोलिया खींची निवासी तीन भाई सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए कार से निकले थे। उन्होंने रास्ते में सांवलिया होटल पर भोजन किया और फिर अपनी यात्रा जारी रखी। रात करीब 12:30 बजे जब वे चलदू के पास पहुंचे, तो चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार कार सडक़ से उतरकर सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद चालक राजकुमार (32 वर्ष), पिता शुभक सिंह धनगर, निवासी ग्राम भंगोलिया खींची, आष्टा को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार ब्रजमोहन पिता जगदीश धनगर और जितेंद्र पिता लक्ष्मीनारायण धनगर को मामूली चोटें आईं।

जीरन पुलिस ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Next Post

शिक्षा और संस्कारों का संगम है पुस्तक मेला: रत्नेश 

Fri Mar 27 , 2026
जबलपुर। गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित तृतीय ‘पुस्तक मेला 2026’ के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा शहर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने शिरकत की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश, भोपाल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत […]

You May Like