
तेहरान 02 सितंबर (स्पूतनिक/वार्ता) ईरान के सैन्य बलों ने देश में एक विवाह समारोह पर हुए घातक अमेरिकी हमले के जवाब में कुवैत, बहरीन, जॉर्डन और इराक में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईआरजीसी के अनुसार, उसके सैन्य बलों ने मिसाइलों और ड्रोन के जरिए कुवैत के अली अल-सलेम एयर बेस स्थित अमेरिकी कमान के मुख्यालय और ठिकाने पर हमला किया।
बयान में कहा गया कि इसके साथ ही जॉर्डन, इराक के एरबिल और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। आईआरजीसी ने दावा किया कि हमले में कई लोग मारे गए। इससे पहले मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के सिरिक काउंटी के कुहस्तक में एक विवाह समारोह पर हुए अमेरिकी हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत और 60 से अधिक लोगों के घायल होने की रिपोर्ट है।
