सतना: सोमवार को महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने नगर निगम महापौर कक्ष में समीक्षा बैठक लेकर शहर की पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों की पेयजल आपूर्ति, जल वितरण व्यवस्था, पाइपलाइन संबंधी समस्याओं एवं नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड में पेयजल संकट की स्थिति निर्मित न हो तथा जल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।बैठक में रोजल प्रताप सिंह, सहायक यंत्री नगर पालिक निगम सतना, विद्यानिवास बागरी एवं हिमांशु ताम्रकार, उपयंत्री नगर पालिक निगम सतना सहित पेयजल आपूर्ति शाखा से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा वर्तमान पेयजल स्थिति एवं सुधार कार्यों की जानकारी दी गई तथा आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
पेयजल सर्वोच्च प्राथमिकता
महापौर ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ, पर्याप्त एवं समय पर पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं।
