लंदन, मार्च 21 (वार्ता) इंग्लैंड की राजधानी लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास बिजली सबस्टेशन में गुरुवार रात भीषण आग लगने के कारण हवाई अड्डे का कामकाज शुक्रवार को पूरे दिन के लिए बंद कर दिया गया। एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
हवाई अड्डे के पास आग की वजह से वहां की बिजली आपूर्ति में भारी व्यवधान हुआ, जिसके चलते 1300 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है। इसमें एयर इंडिया की कई उड़ानें भी शामिल हैं, जिन्हें या तो रद्द करना पड़ा, वापस लौटाना पड़ा।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से पूरा हवाई अड्डा प्रभावित हुआ है, बिजली बहाल करने के लिए फिलहाल कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं पता चला है और कहा हमारे यात्रियों और सहकर्मियों की सुरक्षा को बनाए रखने के लिए, हमारे पास आज रात 23:59 जीएमटी तक हवाई अड्डे को बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अगली सूचना तक हवाई अड्डे पर न आयें। स्थानीय मीडिया के अनुसार 1300 से ज़्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से 120 पहले से ही उड़ान भर रहे हैं और कुछ विमानों को लंदन गैटविक हवाई अड्डे, पेरिस और आयरलैंड के शैनन हवाई अड्डे सहित अन्य हवाई अड्डों की तरफ भेज दिया गया है।
हीथ्रो के सबसे बड़े उडान वाहक ब्रिटिश एयरवेज़ ने यात्रियों से अगली सूचना तक हवाई अड्डे पर न जाने का आग्रह किया और कहा कि उन्हें यात्रा विकल्पों के बारे में जानकारी देने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक लंदन के हीथ्रो ने पिछले साल रिकॉर्ड 8.39 करोड़ यात्रियों की व्यवस्था को संभाला। हवाई अड्डे के उत्तर में हेस में लगी आग से आस-पास के लगभग 16,000 घरों में बिजली गुल हो गयी है।
बिजली सबस्टेशन में आग लगने का कारण अभी भी पता नहीं चला है, लेकिन नेशनल ग्रिड जल्द से जल्द बिजली बहाल करने के काम में जुटी हुई है।
