जबलपुर। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ गोसलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना रायल्टी ढोई जा रही रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रैक्टर चालकों को भी गिरफ्तार किया है।
टीआई भावना तिवारी के अनुसार ग्राम घुटना बगीचा रोड पर पुलिस ने दो ट्रैक्टरों को रोककर जांच की। दोनों ट्रॉलियों में रेत भरी हुई थी, लेकिन चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रायल्टी नहीं मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने कटरा देवरी के पास बरने नदी किनारे रखी रेत को ट्रॉलियों में लोड कर पौड़ी ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रेत सहित जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
