भिंड: शहर में महाशिवरात्रि पर्व पर आज भगवान शिव और माता पार्वती का भव्य विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। शिव बारात निकाली गई। इससे पहले लगुन उत्सव के साथ विवाह की रस्में शुरू हुईं। इस दौरान हल्दी-मंडप और महिला संगीत के रंगारंग कार्यक्रम हुए, जिससे पूरा शहर भक्तिमय हो गया।
गौरी सरोवर पर आयोजित उत्सव में श्रद्धालु पीले वस्त्रों में नजर आए। भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती को कढ़ी-भात का भोग लगाया गया।
हल्दी-मंडप कार्यक्रम से पहले लगुन चढ़ाए जाने की रस्म पूरी की गई और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में चिलौंगाधाम के महंत आगे चल रहे थे जबकि भक्तजन जयकारे लगाते हुए शिव भक्ति में लीन थे। भगवान भोलेनाथ का चंदन, केसर और तेल से अभिषेक किया गया, जबकि माता पार्वती का भव्य श्रृंगार हुआ। इसके बाद भगवान को महाभोग अर्पित किया गया।
