छतरपुर। जिले से एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें छोटे-छोटे स्कूली बच्चे किताब-कॉपी की जगह हाथों में झाड़ू और पोछा लिए स्कूल की सफाई करते नजर आ रहे हैं। यह मामला शनिवार को चर्चाओं में आया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया।
यह घटना डेरा पहाड़ी स्कूल की बताई जा रही है, जो कलेक्टर बंगले के सामने स्थित है। वायरल वीडियो में चार बच्चे— तीन बच्चियां और एक बच्चा— स्कूल यूनिफॉर्म में फर्श झाड़ते और पोछा लगाते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
अभिभावकों और लोगों में नाराज़गी
इस वीडियो के सामने आने के बाद अभिभावकों और आम लोगों ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की कड़ी आलोचना की। लोगों का कहना है कि जहां बच्चों को शिक्षा और संस्कार दिए जाने चाहिए, वहां उनसे मजदूरी जैसा काम कराया जा रहा है।
स्कूल प्रशासन पर प्रश्नचिह्न
वायरल वीडियो ने सरकारी स्कूलों की लापरवाही और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह जांच का विषय बन गया है कि बच्चों से सफाई कराने का आदेश किसने दिया और शिक्षक उस समय क्या कर रहे थे।
प्रशासन की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा
फिलहाल इस मामले पर स्कूल प्रशासन या शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
