
भिंड। खंडा रोड पर संतों के आंदोलन के पांचवें दिन नौ संत अन्नजल छोड़कर अनशन पर बैठे। ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे को सिक्सलेन बनाने की मांग को लेकर भिंड में संत समाज द्वारा चलाए जा रहे अखंड आंदोलन का सोमवार को पांचवां दिन रहा। सरकार की लगातार अनदेखी से क्षुब्ध होकर नौ संतों ने आज अन्न-जल त्यागकर अनशन शुरू कर दिया। संतों ने इसे “नवग्रह अनशन” नाम दिया है और इसे जनहित की लड़ाई बताया। खंडा रोड स्थित धरना स्थल पर बीते 10 अप्रैल से यह आंदोलन चल रहा है, जिसमें संतों के साथ बड़ी संख्या में समाजसेवी और नागरिक भी शामिल हो रहे हैं। आंदोलन की मुख्य मांग है कि वर्तमान टूलेन नेशनल हाईवे को सिक्सलेन में बदला जाए, जिससे लगातार हो रहे सड़क हादसों पर रोक लग सके। बताया गया है कि इस मार्ग पर एक वर्ष में 200 से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है और 600 से ज्यादा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
