भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध भी सख्त अभियान तेज कर दिया है। पिछले तीन दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 82 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए हैं तथा कई कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सबसे बड़ी कार्रवाई नीमच जिले में हुई, जहां पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में 295 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। इस कार्रवाई में 44.25 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।
मंदसौर में अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अफीम, एमडी ड्रग्स तथा वाहन सहित 23.54 लाख रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गई।
इसके अलावा अशोकनगर, खरगोन, शिवपुरी, इंदौर, नरसिंहपुर, गुना, कटनी, भोपाल तथा जबलपुर राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा भी गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर और एमडी ड्रग्स की बरामदगी करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर मध्यप्रदेश को नशामुक्त और सुरक्षित राज्य बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
