ग्वालियर: थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नदीपार टाल इलाके में रात में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रहने वाला एक 43 वर्षीय युवक अपने ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग में जिंदा जल गया। घटना के समय युवक कमरे में अकेला था और भारी नशे में था। हालांकि, स्थानीय लोगों में कमरे के भीतर रखा छोटा सिलेंडर फटने की चर्चा थी, जिसे थाटीपुर थाना पुलिस ने खारिज कर दिया है।पुलिस का अनुमान है कि नशे की हालत में बीड़ी या सिगरेट सुलगाते समय यह हादसा हुआ है। नशा ज्यादा होने के कारण वह बच नहीं सका है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार नदीपार टाल निवासी 43 वर्षीय विजय शाक्य पुत्र रामचरण शाक्य मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता था। विजय अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि लगभग एक महीने पहले ही विजय की पत्नी का बीमारी के चलते देहांत हो गया था। पत्नी की मौत के बाद से ही विजय गहरे सदमे और अवसाद में चल रहा था। गम को भुलाने के लिए उसने शराब का सहारा ले लिया था।
मंगलवार सुबह से ही वह अपने घर के एक कमरे में कुंडी लगाकर लगातार शराब पी रहा था। देर रात अचानक विजय के कमरे की खिड़की और दरवाजे से आग की भीषण लपटें और धुआं उठते देख परिवार के अन्य सदस्यों में हड़कंप मच गया। भाई और अन्य परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर विजय को बाहर निकालने और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक उसे काबू में किया जाता, विजय बुरी तरह शत-प्रतिशत झुलस चुका था और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
