ग्वालियर: शहर के संस्कृति गार्डन के ऑनर एवं मैनेजर शिवम चौधरी के साथ अपहरण, डकैती एवं मारपीट की गंभीर घटना का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रात्रि लगभग 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच हुई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना में 8 से 10 अज्ञात व्यक्ति शामिल थे, जिन्होंने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के संबंध में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आ चुकी है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। इसके बावजूद अब तक पुलिस द्वारा किसी भी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद भी उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया तथा शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे पीड़ित और उनके परिजनों में नाराजगी व्याप्त है। उनका आरोप है कि पुलिस प्रशासन मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
वहीं पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल व्यक्तियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाने के कारण जांच में समय लग रहा है तथा आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस गंभीर घटना को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की अपील की है।
