भाजपा का स्थापना दिवस छह अप्रैल को उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा

भोपाल, 04 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश इकाई के महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी ने बताया कि छह अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस प्रदेशभर में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। पार्टी कार्यालयों तथा कार्यकर्ताओं के निवास पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा।

श्री सबनानी ने आज यहां भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया कि कार्यालयों की सजावट कर मिठाई बांटी जाएगी और जिला स्तर पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी के स्थापना दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया है। टोली के संयोजक प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री सबनानी तथा सह संयोजक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, श्रीमती सीमा सिंह एवं प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को बनाया है।

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि 6 एवं 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर और 8-9 अप्रैल को मंडल व विधानसभा स्तर पर नए प्राथमिक सदस्यों के सम्मेलन आयोजित होंगे। सम्मेलनों में भारतीय जनता पार्टी की चुनावी सफलता, संगठनात्मक विस्तार, भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाया गया परिवर्तन एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की ओर यात्रा विषयों पर संबोधन होगा।

उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल से 13 अप्रैल के बीच पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ के अंतर्गत पूरे दिन गांव, मोहल्ला या सेवा बस्ती का दौरा कर मंदिर, अस्पताल, स्कूल एवं गलियों में स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों से मिलकर उनसे बातचीत कर आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल, पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पंचायत कार्यालय का दौरा कर जल संरचनाओं की सफाई में सहभागिता करेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के झंडे लेकर गलियों में यात्रा निकालेंगे। संध्या के समय स्थानीय निवासियों की चौपाल का आयोजन कर विभिन्न समुदाय के नेताओं एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों के निवास पहुंचकर भेंट करेंगे। वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं, मीसा बंदियों तथा कारसेवकों का सम्मान कर बूथ समितियों की बैठक में शामिल होंगे।

 

 

 

Next Post

नरेंद्र मोदी का श्री आनंदपुर धाम में दौरा प्रस्तावित

Fri Apr 4 , 2025
भोपाल, 04 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के अशाेकनगर जिले में स्थित श्री आनंदपुर धाम का दौरा शीघ्र ही कर सकते हैं। श्री मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। डॉ यादव ने इस संबंध में सोशल […]

You May Like