कोलकाता, 16 अगस्त (वार्ता) मशहूर बांग्ला फिल्म ‘दामू’ के निर्देशक राजा सेन का रविवार सुबह कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 साल वर्ष के थे और कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री सेन कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और उन्हें एसएसकेएम में भर्ती कराया गया था, जहां उनका कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज चल रहा था। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था लेकिन फेफड़ों, दिल और किडनी पर असर पड़ने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
उनके फिल्म करियर की शुरुआत 1996 में ‘दामू’ से हुई थी। एक बच्चे और हाथी के बीच अनोखी दोस्ती पर आधारित इस फिल्म ने ‘सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म’ का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता और श्री सेन को बंगाली सिनेमा में बड़ी पहचान दिलाई। श्री सेन ने अपने लंबे करियर के दौरान कई फीचर फिल्में, टेलीविजन धारावाहिक और वृत्तचित्र निर्देशित कीं।
उनकी फिल्मों में ‘आत्मीयो स्वजन’, ‘देश’, ‘देबीपक्ष’, ‘कृष्णकांतेर विल’, ‘लैबोरेटरी’ और ‘माया मृदंग’ शामिल थीं। उनकी 2002 की फिल्म ‘देश’ में जया बच्चन और अभिषेक बच्चन ने काम किया था। श्री सेन ने कई मशहूर हस्तियों और सांस्कृतिक दिग्गजों पर वृत्तचित्र भी बनाईं, जिनमें रवींद्र संगीत की जानी-मानी कलाकार सुचित्रा मित्रा भी शामिल थीं।
