अटल जी की प्रतिमा का अनावरण, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

भोपाल। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को प्रोफेसर कॉलोनी स्थित साईं मंदिर परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रतिमा का अनावरण कर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अटल जी की दूरदृष्टि और संवेदनशील सोच ने गांवों की समस्याओं को समझा। इसी सोच का परिणाम प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना रही, जिसने देश के लगभग छह लाख गांवों को सड़कों से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पद के पीछे न भागें, बल्कि अपने गुणों और कार्यों से अपना कद बड़ा करें और पार्टी के विस्तार के लिए काम करें।

तोमर ने पोखरण परमाणु परीक्षण को राष्ट्रहित में लिया गया साहसिक निर्णय बताते हुए कहा कि यह भाजपा या अटल जी के व्यक्तिगत हित में नहीं, बल्कि भारत माता के हित में लिया गया था। उन्होंने कहा कि अटल जी दृढ़ नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और राष्ट्र प्रथम की भावना के प्रतीक थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक युग थे। उनकी सोच में दूरदृष्टि, व्यवहार में आत्मीयता, वाणी में ओज और कविता में संवेदनशीलता थी, जबकि राजनीति में राष्ट्र सर्वोपरि था। उन्होंने कहा कि अटल जी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, अपनी जड़ों से जुड़े रहने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती रहेगी।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, संकल्प और सुशासन की प्रेरणा का प्रतीक है। तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल जी के कार्यकाल राष्ट्र निर्माण की दृष्टि से ऐतिहासिक रहे। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, सामरिक शक्ति और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। पोखरण परीक्षण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और कारगिल युद्ध के दौरान उनका नेतृत्व देश के आत्मविश्वास और सामरिक क्षमता का प्रतीक बना।

कार्यक्रम को विधायक भगवानदास सवनानी ने भी संबोधित किया। महापौर मालती राय ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

डॉ. जितेंद्र सिंह ने ज़िम्मेदार मरीज़ देखभाल के आधार के तौर पर शुरुआती पहचान, समय पर इलाज और गैर-ज़रूरी जांच से बचने पर ज़ोर दिया

Sun Aug 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता) विज्ञान ,प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने क्लिनिकल गाइडेंस पर आधारित चिकित्सा प्रैक्टिस पर ज़ोर देते ज़िम्मेदार तरीके से मरीज़ देखभाल के आधार के तौर पर रोग की शुरुआती पहचान, समय पर इलाज और गैर-ज़रूरी जांच से बचने की […]

You May Like