
महापौर परिषद ने बैठक में 100 करोड़ के विकास कार्यो को दी मंजूरी
निगम मुख्यालय और वर्कशॉप नए भवन के कंसलटेंट स्वीकृत
नव भारत न्यूज
इंदौर। महापौर परिषद की बैठक में आज सौ करोड़ रुपए के कार्यों को मंजूदी गई। उसमें नगर निगम मुख्यालय और वर्कशॉप के नए भवन हेतु कंसलटेंट और शहर में 25 नए स्थानों पर पानी के एटीएम लगाने की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट की अनुशंसा और एक देश एक चुनाव के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया।
आज निगम सभागृह में महापौर परिषद की बैठक रखी गई। बैठक में 40 बिंदुओं पर चर्चा का एजेंडा था। बैठक की शुरुआत में एक देश एक चुनाव के समर्थन में इन्दौर नगर पालिक निगम, महापौर परिषद द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया। संभवतः इन्दौर नगर पालिका पहली निगम है, जिसने एक देश एक चुनाव का समर्थन किया है।
इसके बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट की मेयर-इन-कौंसिल द्वारा निगम परिषद स्वीकृति के लिए अनुशंसा की गई।
महापौर परिषद की बैठक में नगर निगम एवं वर्कशाॅप बिल्डिंग की डीपीआर बनाने हेतु कंसलटेन्ट की स्वीकृति, ई-नगर पालिका पोर्टल 2.0 को अलग से नगर निगम स्वयं का साॅफ्टवेयर पोर्टल बनाने की स्वीकृत दी गई। वहीं सम्पत्तिकर का जीआईएस सर्वे के संबंध में निर्णय लिया गया।
बिलावली तालाब विकास एवं जीर्णोद्धार के लिए पीपीपी माॅडल पर पैडल बोटिंग, वाॅटर स्पोर्ट्स एवं अन्य गतिविधियों के काम की स्वीकृति दी गई। कचरा संग्रहण हेतु 100 क्लोज इलेक्ट्रिक गारबेज टिपर 2.5 एवं बेक-हो-लोडर 11 खरीदने की स्वीकृति प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर में विभिन्न परिसर में बहुमंजिला आवासीय इकाईयों में हितग्राहियों की सूची का अनुमोदन किया गया।
साथ ही शहर में 25 स्थानों पर वाॅटर ए.टी.एम. लगाएं जाएंगे। शहर के वार्डो में स्थित बगीचों में झुला चकरी एवं जिम इक्यूपमेन्ट लगाने की भी मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के तहत स्मार्ट फिश पार्लर बनाने की लिए स्थान चयन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आयुक्त शिवम वर्मा, महापौर परिषद सदस्य राजेन्द्र राठौर, निरंजनसिंह चैहान, अश्विनी शुक्ल, नंदकिशोर पहाडिया, राजेश उदावत, अभिषेक बबलू शर्मा, प्रिया डांगी, राकेश जैन, मनीष मामा शर्मा, एवं सभी अपर आयुक्त एवं निगम के अधिकारी मौजूद थे ।
